किसान की बेटी का उत्तर प्रदेश पुलिस में चयन, गांव में खुशी की लहर

 किसान की बेटी का उत्तर प्रदेश पुलिस में चयन, गांव में खुशी की लहर



लोक सत्ता भारत /

चेतन जैन

किसान की बेटी का उत्तर प्रदेश पुलिस में चयन, गांव में खुशी की लहर



जसवंतनगर/इटावा।
क्षेत्र के ग्राम जैनपुर नागर की संजू जाटव ने उत्तर प्रदेश पुलिस की 60,244 पदों वाली भर्ती परीक्षा में सफलता प्राप्त कर गांव का नाम रोशन किया है। संजू के चयन की खबर मिलते ही पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। रविवार को जैसे ही उसे नियुक्ति पत्र मिला, गांव में जश्न का माहौल बन गया। ढोल-नगाड़ों के साथ उसका स्वागत किया गया और घर पर बधाइयों का तांता लग गया।

यह पहली बार है जब ग्राम पंचायत जैनपुर नागर की किसी गरीब किसान परिवार की बेटी ने पुलिस विभाग में स्थान प्राप्त किया है। संजू की इस उपलब्धि से न केवल उसके परिवार, बल्कि पूरे गांव में गर्व और प्रेरणा का माहौल है।

संजू जाटव ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव से प्राप्त की तथा बारहवीं की पढ़ाई हिन्दू विद्यालय, जसवंतनगर से पूर्ण की। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उसने लगातार मेहनत की और पुलिस सेवा में चयनित होने का सपना साकार कर दिखाया।

संजू के पिता रामवीर एक साधारण किसान हैं, जो मेहनत-मजदूरी कर अपने तीन बच्चों का पालन-पोषण करते रहे। संजू अपने दो भाइयों में सबसे छोटी और इकलौती बहन है। उसके पुलिस सेवा में चयन से परिवार के साथ-साथ समूचे गांव में उत्साह का माहौल है।

इस मौके पर परिजनों ने मिठाई बांटकर खुशियां मनाईं। गांव के लोगों का कहना है कि संजू की सफलता ने क्षेत्र के अन्य युवाओं और युवतियों को भी प्रेरित किया है। अब लोगों को उम्मीद है कि मेहनत और लगन से अन्य ग्रामीण युवा भी सरकारी सेवाओं में स्थान बना सकेंगे!

Chetan Jain

Related post