नेरो डॉग को हमीरपुर पुलिस की भावभीनी श्रद्धांजलि…।।

नेरो डॉग को हमीरपुर पुलिस की भावभीनी श्रद्धांजलि…।।
हमीरपुर-:आज दिनांक 29.06.2025 को पुलिस अधीक्षक द्वारा डॉग स्क्वाड के सदस्य नेरो को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई…नेरो,जो एक प्रशिक्षित स्निफर डॉग था, दिनांक 30 अक्टूबर 2019 से जनपद हमीरपुर के डॉग स्क्वाड में पदस्थापित था। उसकी उम्र लगभग 07 वर्ष थी। अपने सेवाकाल के दौरान नेरो ने हत्या, चोरी एवं नकबजनी जैसे 25 से अधिक जघन्य अपराधों के सफल अनावरण में उल्लेखनीय योगदान दिया। नेरो की कुशल सूंघने की क्षमता और प्रशिक्षित व्यवहार ने हमीरपुर पुलिस को कई जटिल मामलों को बेहद कम समय में सुलझाने में मदद की। उसकी विशिष्ट प्रशिक्षण प्राप्त क्षमता और कुशल व्यवहार के कारण कई बार ऐसे सुराग भी सामने आए, जो सामान्य जांच में संभव नहीं थे। नेरो की कार्यशैली अत्यंत सतर्क, अनुशासित एवं सटीक थी। उसके सहयोग से हमीरपुर पुलिस ने कई महत्वपूर्ण मामलों को कम समय में और अत्यधिक प्रभावशीलता के साथ सुलझाया। अपराध स्थलों पर उसकी उपस्थिति से जांच प्रक्रिया को गति मिलती थी। उसके सूंघने की शक्ति और प्रशिक्षण का उपयोग कर कई बार अपराधियों तक सीधे पहुंचना संभव हुआ। थाना मुस्करा क्षेत्र अन्तर्गत दिनांक 29.04.2023 को ग्राम गहरौली में गुटखा फैक्ट्री का खुलासा कर भारी मात्रा में गुटखा बनाने की सामाग्री व उपकरण बरामद किया गया व इसी क्रम में थाना राठ क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम चिल्ली से अवैध गुटका फैक्ट्री का खुलासा किया गया जिसमें भारी मात्रा में अपमिश्रित तम्बाकू/सुपारी/गुटखा, अवैध गुटखा निर्माण की सामिग्री/मशीन (अनुमानित कीमत- 8,00,000/- (आठ लाख रूपये) सहित 02 अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार किया व दिनांक 25.05.2025 को थाना सुमेरपुर क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम बड़ा कछार में रामलखन उम्र करीब 17 वर्ष का शव सड़क किनारे मिला था। उपरोक्त घटनाओं के सफल व शीघ्र अनावरण में नेरो ने अहम भूमिका निभाई थी।
दिनांक 23 जून 2025 को नेरो अस्वस्थ हो गया था, जिसके पश्चात् उसे तत्काल चिकित्सा हेतु जनपद कानपुर नगर रेफर किया गया। वहाँ से बेहतर उपचार हेतु उसे भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान इज्जत नगर जनपद बरेली भेजा गया, जहां दिनांक 28 जून 2025 को उपचार के दौरान उसका दु:खद निधन हो गया।
जनपद हमीरपुर पुलिस परिवार इस समर्पित एवं निष्ठावान डॉग स्क्वाड सदस्य नेरो के प्रति गहरा शोक व्यक्त करता है और उसकी सेवाओं को सदैव स्मरण रखेगा…अपर पुलिस अधीक्षक हमीरपुर, क्षेत्राधिकारी सदर व प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन्स हमीरपुर द्वारा भी डॉग नेरो को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।